डेस्क : पंजाब के लुधियाना स्थित ताजपुर रोड सेंट्रल जेल में मंगलवार शाम उस समय गंभीर हालात पैदा हो गए, जब कैदियों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। स्थिति काबू में करने पहुंचे जेल प्रशासन और पुलिस बल पर कैदियों ने हमला कर दिया। इस दौरान जेल सुपरिंटेंडेंट कुलवंत सिद्धू के सिर पर ईंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दिन में भी कैदियों के बीच विवाद हुआ था, जिसे शांत करा दिया गया था। हालांकि शाम करीब 7 बजे दोबारा झड़प भड़क उठी। जब जेल सुपरिंटेंडेंट कुलवंत सिद्धू अन्य अधिकारियों के साथ हालात संभालने पहुंचे, तभी उग्र कैदियों ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 200 से 250 कैदियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया, जिससे जेल परिसर में अफरातफरी मच गई। कई अधिकारियों को जान बचाकर वहां से निकलना पड़ा।
घटना के बाद जेल के अंदर करीब 20 मिनट तक सायरन बजते रहे, जबकि बाहर का माहौल भी तनावपूर्ण हो गया। हालात को देखते हुए जेल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। एम्बुलेंस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, मामले की जानकारी जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को भी दे दी गई है। उन्होंने जेल प्रशासन से पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी वर्ष सितंबर में ताजपुर रोड सेंट्रल जेल में हिंसा की घटना सामने आई थी, जब दो विचाराधीन कैदियों के बीच झगड़े में एक कैदी ने दूसरे पर तेजधार चम्मच से हमला कर दिया था। ताजा घटना ने जेलों की सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों के नियंत्रण को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
