डेस्क : महाराष्ट्र के मालेगांव में उप महापौर के कार्यालय में 18वीं सदी के मैसूर शासक टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता उदित राज ने टीपू सुल्तान को महान बताते हुए उनका समर्थन किया है। इससे पहले महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भी टीपू सुल्तान को भूमिपुत्र और योद्धा करार दिया था। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने उनकी तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है।
क्या बोले उदित राज
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उदित राज ने कहा कि इतिहास में दलितों और आदिवासियों से नफरत करने वाले लोगों को कुछ राजनीतिक दल बढ़ावा देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीपू सुल्तान ने सामाजिक सुधारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए थे। उन्होंने ‘स्तन टैक्स’ का उल्लेख करते हुए दावा किया कि टीपू सुल्तान ने शूद्र महिलाओं को स्तन ढकने का अधिकार दिलाने का सुधार किया था। उनके मुताबिक, जो नेता दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के अधिकारों की बात करते हैं, उनसे कुछ लोग वैचारिक कारणों से विरोध रखते हैं।
ऐसे शुरू हुआ विवाद
शुक्रवार को मालेगांव की उप महापौर शान-ए-हिंद निहाल अहमद के कार्यालय में टीपू सुल्तान का चित्र लगाए जाने के बाद विवाद शुरू हुआ। शिवसेना के पार्षदों ने इसका विरोध करते हुए तस्वीर हटाने की मांग की। पार्टी के समूह नेता नीलेश अहेर के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ, जिसमें उप महापौर और विरोध कर रहे पार्षदों के बीच तीखी बहस भी हुई। निहाल अहमद ने स्पष्ट किया कि वह तस्वीर नहीं हटाएंगी।
शिवाजी से तुलना पर भाजपा का विरोध
हर्षवर्धन सपकाल द्वारा टीपू सुल्तान की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से किए जाने के बाद राज्य की राजनीति और गरमा गई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस बयान को शर्मनाक बताया और इसकी निंदा की। पुणे में भाजपा के एक पदाधिकारी ने सपकाल के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
सपकाल ने कहा था कि टीपू सुल्तान एक योद्धा और भारत के भूमिपुत्र के रूप में उभरे तथा उन्हें वीरता के प्रतीक के रूप में शिवाजी महाराज के समकक्ष माना जाना चाहिए। इस बयान के बाद भाजपा नेताओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।
पुणे में झड़प, नौ घायल
विवाद के बाद रविवार को पुणे में विपक्षी दल के कार्यालय के पास भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच प्रदर्शन के दौरान झड़प हो गई। दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ, जिसमें नौ लोग घायल हो गए। संयुक्त पुलिस आयुक्त रंजन कुमार शर्मा के अनुसार, घायलों में तीन कांग्रेस कार्यकर्ता, दो भाजपा कार्यकर्ता, दो पुलिसकर्मी और दो मीडियाकर्मी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
