डेस्क : हरियाणा के फरीदाबाद जिले में बल्लभगढ़ स्थित नीमका जिला जेल की उच्च सुरक्षा बैरक में रविवार देर रात आतंकी गतिविधियों के आरोप में बंद 20 वर्षीय अब्दुल रहमान की कथित रूप से हत्या कर दी गई। मृतक उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के मिल्कीपुर क्षेत्र का निवासी था।
जानकारी के अनुसार, अब्दुल रहमान को मार्च 2025 में फरीदाबाद के पाली इलाके से गुजरात एटीएस और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया था। उस पर अयोध्या स्थित राम मंदिर पर हमले की साजिश रचने का आरोप था। जांच एजेंसियों का दावा है कि गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से विस्फोटक सामग्री और ग्रेनेड बरामद किए गए थे।
बैरक में विवाद के बाद हमला
सूत्रों के मुताबिक, रविवार रात करीब 10:30 बजे उच्च सुरक्षा बैरक में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान सह-कैदी अरुण चौधरी ने कथित तौर पर नुकीली वस्तु से अब्दुल रहमान पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जेल प्रशासन द्वारा उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी कैदी अरुण चौधरी पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
उच्च स्तरीय जांच के आदेश
एसीपी तिगांव अशोक वर्मा ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं और जेल की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

