डेस्क: ऑटो पार्ट्स बनाने वाली कंपनी हीरो मोटर्स भी अब शेयर बाजार में लिस्टिंग के मूड में है। इसी कड़ी में कंपनी ने ₹1200 करोड़ तक के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए आवेदन किया है। ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस से पता चला है कि कंपनी ₹800 करोड़ तक के फ्रेश शेयर जारी करेगी जबकि कंपनी के मौजूदा शेयरधारक ₹400 करोड़ तक के शेयर बेचेंगे। बता दें कि हीरो मोटर्स ने अगस्त 2024 में आईपीओ के जरिये 900 करोड़ रुपये जुटाने के लिए सेबी के समक्ष दस्तावेज दाखिल किए थे। हालांकि अक्टूबर में कंपनी ने इसे वापस ले लिया था।
पैसे का कहां होगा इस्तेमाल
हीरो मोटर्स ने कहा कि आईपीओ से प्राप्त रकम का उपयोग कर्ज कम करने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में अपनी फैसलिटीज का विस्तार करने के लिए भी इस्तेमाल होगा। कंपनी रकम में से एक हिस्से का इस्तेमाल अज्ञात अधिग्रहणों और अन्य रणनीतिक पहलों एवं सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के माध्यम से कार्बन मुक्त विकास को वित्तपोषित करने के लिए करेगी। आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, जेएम फाइनेंशियल और डीएएम कैपिटल इस पेशकश के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।
आईपीओ में योग्य संस्थागत खरीदारों को 50% से अधिक अलॉट नहीं किया जाएगा। वहीं, गैर-संस्थागत बोलीदाताओं और खुदरा निवेशकों को क्रमशः 15% और 35% प्राप्त होगा। यह रणनीतिक अलॉटमेंट विविध निवेशक समूहों से संतुलित भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए डिजाइन किया गया है, जिससे आईपीओ प्रक्रिया की मजबूती बढ़ेगी।
कंपनी के बारे में
हीरो मोटर्स का नेतृत्व पंकज मुंजाल करते हैं, जो मुंजाल परिवार से हैं। यह परिवार भारत की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प का संचालन करता है। पूरे वित्तीय वर्ष 2024 में कंपनी का प्रॉफिट पिछले साल की तुलना में 67 प्रतिशत कम रहा।
कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग फैसलिटीज भारत, यूनाइटेड किंगडम, थाईलैंड में स्थित हैं। इसके पास ब्रिटिश कंपनी ह्यूलैंड में भी हिस्सेदारी है और इसने इलेक्ट्रिक मोटर्स के लिए यामाहा मोटर्स जापान के साथ एक ज्वाइंट वेंचर बनाया है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

