डेस्क: हरियाणा के यमुनानगर जिले में अंतरधार्मिक विवाह के बाद हिंसा और अपहरण का गंभीर मामला सामने आया है। अक्टूबर में परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह करने वाले मांगाराम और उनकी पत्नी शबाना पर रविवार को कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने शबाना का अपहरण कर लिया। घटना जगाधरी–पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर उर्जनी गांव के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मांगाराम अपनी नवविवाहिता पत्नी शबाना और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कार से बलौली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान 10 से 12 हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में उनकी कार को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों के हाथों में डंडे, लाठियां, कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड थीं। उन्होंने मांगाराम और शबाना को जबरन कार से बाहर खींच लिया और मारपीट शुरू कर दी।
मांगाराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावर उनकी पत्नी शबाना का अपहरण कर मौके से फरार हो गए। हमले में कार में सवार दो बच्चे और मांगाराम की बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि शबाना के परिजन हिंदू युवक से शादी करने को लेकर नाराज थे। मांगाराम और शबाना ने 27 अक्टूबर को प्रेम विवाह किया था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ धारा 115, 126, 140, 190, 191(3), 324(4) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया है। दो आरोपियों को नामजद किया गया है। पुलिस का कहना है कि अपहृत महिला की तलाश जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

