नई दिल्ली:सियालदह जा रही कंचनजंगा एक्सप्रेस सोमवार सुबह मालगाड़ी की टक्कर के चलते हादसे का शिकार हो गई। कहा जा रहा है कि मानव गलती के चलते यह हादसा हुआ था। इस घटना में 15 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 60 लोग घायल हो गए हैं। फिलहाल, राहत कार्य जारी है। आशंका जताई जा रही है कि करीब 100 लोग डिब्बों में फंसे हो सकते हैं।
रेलवे बोर्ड की सीईओ और चेयरमैन जया वर्मा सिन्हा ने हादसे की वजह पर बात की। उन्होंने कहा, ‘…प्रथम दृष्टया यह पता लगा है कि मानव गलती के कारण ऐसा हुआ था। पहले संकेत बता रहे हैं कि यह सिग्नल को नहीं मानने का नतीजा था। पश्चिम बंगाल के लिए कवच को तेजी से बढ़ाने की जरूरत है।’ घटनास्थल पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत रेलवे के कई बड़े अधिकारी मौजूद हैं।
पहले सिन्हा ने बताया था, ‘आज सुबह यह हादसा हुआ है, कंचनजंगा एक्सप्रेस जो अगरतला से सियालदह जा रही थी उसे पीछे से मालगाड़ी ने सिग्नल को तोड़ते हुए टक्कर मारी है। ट्रेन के पीछे का गार्ड का डिब्बा, दो पार्सेल वैन और जनरल डिब्बे क्षतिग्रस्त हुए हैं। बचाव अभियान जारी है। रेलवे के ADRM, जिला और राज्य प्रशासन, NDRF, आर्मी बचाव कार्य के लिए वहां पहुंच गए हैं… लगभग 50 लोग घायल हैं, उनका इलाज चल रहा है।’
उन्होंने कहा था, ‘…अनुग्रह राशि की घोषणा की गई है, साथ ही उन्हें पूरी चिकित्सीय सुविधा पहुंचाई जाएगी। हमने हेल्पलाइन, हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं जिससे यात्रियों के परिजन उनके बारे में जानकारी ले सकें। यह ट्रेन अगरतला से सियालदह जा रही थी इसलिए मार्ग के हर स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है…’
पीएम ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ‘पश्चिम बंगाल में हुई रेल दुर्घटना दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। अधिकारियों से बात की और स्थिति का जायजा लिया है। प्रभावितों की सहायता के लिए बचाव कार्य जारी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी दुर्घटनास्थल पर जा रहे हैं।’ पीएम कार्यालय ने बताया है कि मृतकों के रिश्तेदारों के 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
खराब मौसम डाल रहा बाधा
पीटीआई भाषा के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि इलाके में खराब मौसम के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही है। मालगाड़ी और कंचनजंगा एक्सप्रेस के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि दो पिछले डिब्बे तुरंत ही पटरी से उतर गए, जबकि एक अन्य डिब्बा मालगाड़ी के इंजन के ऊपर, अधर में लटक गया।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

