डेस्क: यूपी में पंचायत चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक और बड़ा नाम परिवर्तन निर्णय लिया है। हरदोई और फिरोजाबाद के बाद अब आगरा जिले के एक गांव का नाम बदलने का फैसला किया गया है।
यूपी सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के अपने आधिकारिक हैंडल पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि किरावली तहसील में स्थित नगला बहरावती गांव का नाम अब पृथ्वीपुरा रखा जाएगा। इस संबंध में जल्द ही सरकारी आदेश जारी किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, 25 मई 2022 को ग्राम पंचायत स्तर से केंद्र सरकार को नाम परिवर्तन का प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव में बताया गया कि इस गांव की स्थापना पृथ्वी सिंह ने की थी और तहसील में इस नाम का कोई और गांव नहीं है। इसलिए गांव का नया नाम पृथ्वीपुरा रखने की सिफारिश की गई।
इस साल पहले भी हुए नाम परिवर्तन
इस वर्ष पहले ही हरदोई और फिरोजाबाद की दो ग्राम पंचायतों के नाम बदले जा चुके हैं। सरकारी पोस्ट के अनुसार,
- फिरोजाबाद जिले, तहसील व विकासखंड शिकोहाबाद स्थित ग्राम पंचायत वासुदेवमई के अंतर्गत ग्राम उरमुरा किरार का नाम बदल कर हरिनगर रखा गया।
- हरदोई जिले, विकासखंड भरावन की ग्राम पंचायत हाजीपुर का नाम सियारामपुर कर दिया गया।
हरदोई की ग्राम पंचायत का प्रस्ताव
एक साल पहले अप्रैल में हरदोई की हाजीपुर ग्राम पंचायत का नाम बदलने का प्रस्ताव जिला पंचायत की बैठक में रखा गया था। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से नाम परिवर्तन को मंजूरी दी गई।
विकास खंड भरावन की हाजीपुर ग्राम पंचायत प्रधान गुज्जोदेवी ने मुख्यमंत्री और मंडलायुक्त को यह प्रस्ताव भेजा था, जिसमें उल्लेख था कि गांव में कोई भी अल्पसंख्यक परिवार नहीं है। 209 परिवार और 1118 आबादी वाले इस गांव के ग्रामीणों की मांग के आधार पर नाम बदलने का प्रस्ताव जिला पंचायत सदन के माध्यम से आगे बढ़ाया गया।
इस तरह, यूपी में पंचायत चुनाव से पहले ग्राम पंचायतों के नाम बदलने की प्रक्रिया लगातार जारी है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
