स्पोर्ट्स डेस्क:भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 से एक दिन पहले ब्रिस्टल में अभ्यास सत्र में वापसी की। उन्हें पिछले हफ्ते ईसीबी डेवलपमेंट XI के खिलाफ टी20 अभ्यास मैच के दौरान सिर पर गेंद लगी थी, जिसके बाद उन्होंने पांच मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला एहतियातन नहीं खेला था। हरमनप्रीत के खेलने को लेकर फैसला मैच के दिन ही लिया जाएगा।
भारत की ऑफ स्पिन ऑलराउंडर स्नेह राणा ने सोमवार को बताया, ”यह सकारात्मक संकेत हैं कि वह (हरमनप्रीत) आज अभ्यास सत्र में शामिल हुईं। अभ्यास सत्र के बाद उनका मूल्यांकन और निगरानी की जायेगी।”
यह स्पष्ट नहीं है कि हरमनप्रीत को सिर में चोट कब और कैसे लगी, लेकिन उस मैच में उन्होंने 16 गेंदों में 28 रन बनाए थे, जिसमें चार चौके शामिल थे। इसके बाद वह लेग स्पिनर सेरा ग्लेन की गेंद पर पगबाधा आउट हुईं और भारत यह मैच छह रन से हार गया था। उन्होंने प्री-सीरीज प्रेस वार्ता में भी भाग नहीं लिया और नॉटिंघम के पहले टी20 में स्मृति मंधाना ने कप्तानी की, जो भारत ने 97 रन से जीता।
मंधाना ने इस मैच में अपना पहला टी20 शतक लगाया, जिससे भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की। वह तीनों प्रारूपों में शतक लगाने वाली पहली भारतीय और दुनिया की पांचवीं महिला क्रिकेटर बनीं। उन्होंने बाद में बताया कि उन्हें मैच से कुछ घंटे पहले ही बताया गया कि वह कप्तानी करेंगी, लेकिन उन्हें ’50-50 अंदाजा’ था और वह तैयार थीं।
मंगलवार को ब्रिस्टल में मंधाना एक और उपलब्धि हासिल करने जा रही हैं, जब वह 150 टी20 खेलने वाली केवल दूसरी भारतीय और दुनिया की सातवीं महिला क्रिकेटर बनेंगी। हरमनप्रीत 178 मैचों के साथ सबसे ज्यादा टी20 खेलने वाली खिलाड़ी हैं। ब्रिस्टल टी20 के बाद इंग्लैंड और भारत द ओवल (4 जुलाई), मैनचेस्टर (9 जुलाई) और बर्मिंघम (12 जुलाई) में खेलेंगे, जिसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

