नई दिल्ली:दिल्ली की तर्ज पर मुफ्त बिजली की घोषणा के बाद अब पंजाब सरकार अपने स्कूलों, अस्पतालों को भी दिल्ली की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी में है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को अपने आला अधिकारियों के साथ दो दिन के दिल्ली दौरे पर आ रहे है। भगवंत मान के साथ उनके शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्री के अलावा मुख्य सचिव, शिक्षा व स्वास्थ्य सचिव भी रहेंगे। दिल्ली मॉडल में स्कूलों, अस्पतालों में किए गए कामों, बदलावों को देखने के बाद पंजाब सरकार उसी तर्ज पर अपने यहां वह व्यवस्था लागू करेगी। दो दिन सोमवार व मंगलवार को दिल्ली में दौरे का मकसद यहां की अच्छी बातों को पंजाब में लागू करना है।
पंजाब के मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद उन्हें अपने साथ दिल्ली के स्कूल, अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक दिखाने ले जाएंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री पॉली क्लीनिक भी देंखेगे। वह यह जानेंगे मोहल्ला क्लीनिक, पॉली क्लीनिक बनने में किस तरह बड़े अस्पतालों में कम गंभीर मरीजों की संख्या कैसे कम हुई है। दिल्ली सरकार के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी दिल्ली के स्कूलों, अस्पतालों की व्यवस्था में किए गए बदलावों के बारे में पंजाब के अधिकारियों व मंत्रियों को विस्तार से जानकारी देंगे।
दरअसल पंजाब सरकार दिल्ली मॉडल को समझना चाहती है। उससे सबक लेते हुए पंजाब में वहीं बदलाव लागू करना चाहती है।
उल्लेखनीय है कि केजरीवाल सरकार द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कामों की चर्चा आज पूरे देश और दुनिया में हो रही है। देश-विदेश से कई नामचीन लोग केजरीवाल सरकार के स्कूलों को देखने के लिए आ चुकी हैं। हाल ही में, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन भी केजरीवाल सरकार के स्कूलों और मोहल्ला क्लीनिकों को देखने आए थे। इस दौरान एम.के. स्टालिन भी केजरीवाल सरकार के स्कूलों और मोहल्ला क्लीनिकों की तारीफ की थी।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

