डेस्क : कांग्रेस से निष्कासित नेता और पंजाब सरकार में पूर्व मंत्री नवजोत कौर सिद्धू ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अभी नेतृत्व के योग्य नहीं हैं और वे ऐसा व्यक्तित्व विकसित नहीं कर पाए हैं जो सभी के साथ समान व्यवहार कर सके तथा संवाद के लिए दरवाजे खुले रख सके।
नवजोत कौर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी परिवारवादी सोच तक सीमित हैं और अपने शुभचिंतकों की सलाह भी नहीं सुनते। उनका कहना था कि पार्टी के भीतर जो कुछ चल रहा है, उसकी जानकारी तक राहुल गांधी को नहीं है। उन्होंने टिकट वितरण पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि फैसले पहले ही तय कर लिए जाते हैं, ऐसे में नेतृत्व की विश्वसनीयता पर प्रश्न खड़े होते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हें आध्यात्मिक व्यक्तित्व बताया और कहा कि उनके व्यवहार में यह स्पष्ट झलकता है। नवजोत कौर ने यह भी कहा कि किसी नेता से मिलने के लिए महीनों इंतजार करना उचित नहीं है। एक सच्चे नेता को खासकर उन लोगों से मिलना चाहिए जो ईमानदार सलाह दे सकें।
नवजोत कौर सिद्धू ने दावा किया कि उन्होंने पंजाब के हित में बहुत कुछ त्याग किया। उनके अनुसार, उनसे उपमुख्यमंत्री पद और सात विभाग देने का वादा किया गया था, लेकिन उन्हें केवल स्थानीय निकाय और पर्यटन विभाग सौंपे गए, वह भी सीमित अधिकारों के साथ।
उन्होंने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के भीतर भ्रष्टाचार चरम पर है और जब नेतृत्व के आसपास ही भ्रष्ट लोग हों तो भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना मुश्किल हो जाता है। उनका कहना था कि जब तक पार्टी अपने अंदर की कमियों को दूर नहीं करेगी, तब तक पंजाब में उसका भविष्य सुरक्षित नहीं है।
नवजोत कौर ने कहा कि सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को अपनी पार्टी के भीतर व्याप्त भ्रष्टाचार समाप्त करना चाहिए। उनके अनुसार, ईमानदार और समर्पित कार्यकर्ताओं को पर्याप्त महत्व नहीं मिल रहा, जिससे संगठन को आगे बढ़ाना कठिन होता जा रहा है।












मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

