नई दिल्ली:दिल्ली विधानसभा के स्पीकर राम निवास गोयल ने चुनावी मैदान से हटने का फैसला किया है। उन्होंने एक लेटर लिखकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को इसकी सूचना दी है। उम्र का हवाला देकर चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान करने वाले राम निवास गोयल के फैसले को केजरीवाल ने स्वीकार कर लिया है। राम निवास गोयल लगातार दो बार शहादरा सीट से विधायक चुने गए थे।
राम निवास गोयल ने 25 नवंबर को अरविंद केजरीवाल को लिखे लेटर में कहा है कि वह चुनावी राजनीति से अलग हो रहे हैं, लेकिन पार्टी जो काम देगी उसे करते रहेंगे। केजरीवाल, पार्टी और विधायकों से मिले सम्मान के लिए गोयल ने सभी का आभार जताया। उन्होंने लेटर में लिखा, ‘अपनी आयु के कारणों से स्वंय को चुनावी राजनीति से अलग करना चाहता हूं। मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि मैं आम आदमी पार्टी में रहकर तन-मन-धन से सेवा करता रहूंगा। आपके द्वारा जो भी दायित्म मुझे सौंपा जाएगा उसको निभाने का प्रयास करूंगा।’
दिल्ली के पूर्व सीएम ने एक्स पर लिखा, ‘रामनिवास गोयल जी का चुनावी राजनीति से अलग होने का निर्णय हम सभी के लिए एक भावुक क्षण है। उनके मार्गदर्शन ने वर्षों तक हमें सदन के अंदर और बाहर सही दिशा दिखाई है। अपनी बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य के चलते उन्होंने हाल ही में अभी कुछ दिन पहले ही चुनावी राजनीति से अलग होने की अपनी इच्छा जाहिर की थी। उनके निर्णय का हम सम्मान करते हैं। गोयल साहब हमारे परिवार के अभिभावक थे, हैं और हमेशा रहेंगे। पार्टी को उनके अनुभव और सेवाओं की भविष्य में भी हमेशा जरूरत रहेगी।’
राम निवास गोयल के फैसले के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी इस सीट से अब किसे उम्मीदवार बनाती है। दिल्ली में अगले साल जनवरी-फरवरी में विधानसभा का चुनाव होना है। आम आदमी पार्टी 11 सीटों पर उम्मीदवारों का पहले ही ऐलान कर चुकी है। तीन मौजूदा विधायकों के टिकट काटे जा चुके हैं। राम निवास चौथे ऐसे मौजूदा विधायक हैं जो 2025 में विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। 10 सालों की एंटी इनकंबेंसी से निपटने के लिए पार्टी कई विधायकों के टिकट काट सकती है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

