नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 26 वर्षीय तरुण की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार देर रात गुस्साए लोगों की बड़ी भीड़ मुख्य आरोपी के घर पहुंच गई और वहां जमकर तोड़फोड़ व आगजनी की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ ने आरोपी के घर में घुसकर फर्नीचर और घरेलू सामान बाहर सड़क पर फेंक दिया। कुछ लोगों ने घर के बाहर खड़ी एक कार और दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर भीड़ को तितर-बितर किया। हालात को देखते हुए पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में लगातार निगरानी की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
छावनी में तब्दील हुआ इलाका
तरुण की हत्या के बाद उत्तम नगर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दोपहर में मिली आगजनी की सूचना
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर लगभग 2 बजकर 2 मिनट पर कंट्रोल रूम को एक कार और बाइक में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। दमकल विभाग ने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
लाठी-डंडों से पीटकर की हत्या
परिवार का आरोप है कि तरुण निर्दोष था और दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने मामूली विवाद के बाद लाठी-डंडों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिसके चलते इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तरुण की हत्या से पूरे इलाके में भारी आक्रोश है और वे जल्द से जल्द सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
घटना से पहले पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की थी और भरोसा दिलाया था कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बावजूद लोगों का आक्रोश पूरी तरह शांत नहीं हो सका।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
