पटना: गांधी मूर्ति के नीचे बीपीएसी अभ्यर्थियों के समर्थन में आमरण अनशन कर रहे प्रशांत किशोर के प्रदर्शनस्थल पर खड़ी वैनिटी वैन को लेकर राजनीति गरमा गई है। इस वैनिटी वैन में मौजूद सुविधाओं पर सवाल उठाते हुए बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रशांत किशोर पर तंज कसा है। तेजस्वी ने कहा कि वैनिटी वैन में तो एक्टर और एक्ट्रेस बैठते हैं, और प्रशांत किशोर को वहां बैठाने वाला कोई डायरेक्टर-प्रोड्यूसर है।
तेजस्वी का हमला: कौन है डायरेक्टर-प्रोड्यूसर?
तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा, “जहां तक वैनिटी वैन का सवाल है, यह आमतौर पर एक्टर-एक्ट्रेस के लिए होती है। प्रशांत किशोर को इसमें बैठाने वाला कोई डायरेक्टर-प्रोड्यूसर जरूर है। यह सभी जानते हैं कि वह डायरेक्टर-प्रोड्यूसर कौन है।”
प्रशांत किशोर पर JDU से जुड़े सवाल
तेजस्वी ने प्रशांत किशोर के जनता दल यूनाइटेड (JDU) में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “प्रशांत किशोर ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया कि आखिर अमित शाह ने उन्हें नीतीश कुमार की पार्टी का उपाध्यक्ष क्यों बनवाया? उन्होंने किसके कहने पर यह पद स्वीकार किया? प्रशांत किशोर को यह बात स्पष्ट करनी चाहिए।”
छात्र आंदोलन पर तेजस्वी का आरोप
बीपीएसी अभ्यर्थियों के आंदोलन को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि इस आंदोलन को तोड़ने और हाईजैक करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा, “छात्रों ने शुरू से ही राजनीतिक दलों से आग्रह किया था कि उनके आंदोलन का राजनीतिकरण न किया जाए। हम छात्रों का सम्मान करते हुए नैतिक समर्थन देते रहे। उनके बुलाने पर हम उनसे मिलने भी गए और विधानसभा में उनकी समस्याओं को उठाया।”
तेजस्वी ने आगे कहा, “छात्रों के साथ अन्याय हुआ है और हम न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं। लेकिन कुछ लोगों ने आंदोलन को कुचलने और इसका राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया। यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि सरकार से क्या डील हुई और आंदोलन को खत्म करने में किसका हाथ था।”
वैनिटी वैन बना चर्चा का केंद्र
गांधी मूर्ति के नीचे अनशन कर रहे प्रशांत किशोर के प्रदर्शन में वैनिटी वैन की मौजूदगी ने विपक्ष को निशाना साधने का मौका दे दिया है। यह देखना होगा कि प्रशांत किशोर इस विवाद पर क्या जवाब देते हैं और आंदोलन की दिशा किस ओर जाती है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

