स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शनिवार को अमेरिका के खिलाफ टी20 मुकाबले में नाबाद 84 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी अर्धशतकीय पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन बनाए। भारतीय टीम के अन्य बल्लेबाजों का प्रदर्शन अपेक्षा के मुताबिक नहीं रहा, और केवल चार खिलाड़ी ही दोहरे अंक तक पहुँच सके। इस पारी के साथ सूर्यकुमार यादव टी20 विश्व कप में कप्तान के रूप में डेब्यू पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 49 गेंदों पर 10 चौके और 4 छक्के की मदद से खेली गई उनकी नाबाद पारी ने उन्हें यह सम्मान दिलाया। इस रिकॉर्ड में पहला स्थान क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 2009 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ द ओवल में 88 रन बनाए थे। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जिन्होंने 2021 में दुबई में भारत के खिलाफ नाबाद 68 रन बनाए थे।
अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा (0) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद तिलक वर्मा (25) और ईशान किशन (20) ने 37 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला। लेकिन छठे ओवर में शैडली वान शाल्कविक ने तीन विकेट झटककर भारत को दबाव में ला दिया। शिवम दुबे (0) और हार्दिक पांड्या (5) भी जल्दी आउट हो गए।
77 रन पर छह विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम संकट में फंसी, लेकिन अक्षर पटेल और सूर्यकुमार यादव ने मिलकर सातवें विकेट के लिए 41 रन जोड़े। अक्षर पटेल 14 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अर्शदीप सिंह (4) और वरूण चक्रवर्ती (0) भी आउट हुए, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने अपने बल्लेबाजी कौशल से पारी को तेजी से आगे बढ़ाया और अंत तक नाबाद रहे।
अमेरिका के लिए शैडली वान शाल्कविक ने चार विकेट लिए। हरमित सिंह को दो, और अली खान तथा मोहम्मद मोहसिन को एक-एक विकेट मिला।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
