डेस्क: देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिन के समय तेज धूप के चलते तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है, लेकिन रविवार रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 11 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इससे मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में बारिश-बर्फबारी हुई। वहीं, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। आईएमडी के मुताबिक, उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
राजस्थान में मौसम शुष्क, सीकर में पारा सबसे कम
राजस्थान में अगले तीन से चार दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। राज्य में शनिवार को अधिकतम तापमान बाड़मेर में 32.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) और नागौर में 5.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
कश्मीर में बर्फबारी से ठिठुरन बढ़ी
कश्मीर में न्यूनतम तापमान में 2 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है। ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी के कारण दिन का तापमान गिरा है। शुक्रवार रात गुलमर्ग और सोनमर्ग सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। घाटी के मैदानी इलाकों में शनिवार तड़के हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
झारखंड में फिर लौटी सर्दी
झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। कुछ दिनों तक तापमान बढ़ने के बाद राज्य में ठंड बढ़ गई है। रांची में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। अन्य जिलों में भी तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। ठंड के साथ सुबह के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
