डेस्क : पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद शुक्रवार को दहल उठी, जब एक शिया मस्जिद में भीषण आत्मघाती विस्फोट हुआ। शनिवार तक इस आतंकी हमले में मृतकों की संख्या 36 तक पहुँच गई, क्योंकि अस्पताल में भर्ती कई गंभीर रूप से घायलों ने दम तोड़ दिया। वैश्विक आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए इसे एक फिदायीन ऑपरेशन करार दिया।
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारत उनके देश में उग्रवादी संगठनों का वित्तपोषण कर रहा है। हालांकि, उन्होंने अपने दावों के समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया। इससे पहले भारत ने इस्लामाबाद की मस्जिद पर हुए आत्मघाती हमले में किसी भी तरह की संलिप्तता के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया था।
नकवी ने कहा, “दाएश (IS) और तालिबान के नाम सामने आ रहे हैं, लेकिन उन्हें कहीं से धन और लक्ष्य मिल रहे हैं,” और फिर उन्होंने भारत की ओर इशारा किया। उन्होंने बिना कोई प्रमाण पेश किए कहा, “मैं स्पष्ट रूप से कहता हूं कि उनका वित्तपोषण भारत से हो रहा है।”
इस्लामिक स्टेट ने अपने आधिकारिक मुखपत्र ‘अमाक’ के माध्यम से हमलावर की पहचान सैफुल्लाह अंसारी के रूप में की है। संगठन ने अंसारी की एक तस्वीर भी जारी की है जिसमें वह संगठन के प्रति अपनी वफादारी (बैया) लेता दिखाई दे रहा है। IS ने कहा कि यह हमला ‘इस्लामिक स्टेट इन पाकिस्तान प्रोविंस’ (ISPP) के एक सिपाही द्वारा किया गया, जो 2019 से इस क्षेत्र में सक्रिय है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपने सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करने वाली समस्याओं को हल करने के बजाय, अपनी घरेलू परेशानियों के लिए दूसरों को दोषी ठहरा रहा है। भारत इस तरह के सभी निराधार और निरर्थक आरोपों को खारिज करता है।”
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी बिना सबूत के आरोप लगाए कि इस हमले में भारत और अफगानिस्तान का हाथ था। वहीं, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने हमले के तुरंत बाद अपने किसी भी संलिप्तता से साफ इनकार किया।
IS के दावे से अब यह स्पष्ट हो गया है कि पाकिस्तान में सांप्रदायिक हिंसा के पीछे अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क सक्रिय है। बयान में सीरिया में सक्रिय ‘ज़ैनाबियून ब्रिगेड’ में शामिल पाकिस्तानी शियाओं का भी जिक्र है, जो इस हमले के पीछे सांप्रदायिक प्रतिशोध की ओर इशारा करता है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
