नई दिल्ली:नाबालिग पहलवानों के यौन शोषण के आरोपी बृजभूषण शरण सिंह को बड़ी राहत मिल गई है। जिस नाबालिग महिला पहलवान की शिकायत पर भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था उस महिला पहलवान ने अदालत में पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट का विरोध नहीं किया। नाबालिग महिला पहलवान और उनके पिता ने एडिशनल सेशन जज छवि कपूर के सामने अपना बयान दर्ज कराया और कहा कि वो पुलिस की जांच से संतुष्ट हैं और इस केस में दिल्ली पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट से उन्हें कोई ऐतराज नहीं है।
इनका बयान दर्ज होने के बाद अदालत ने 6 सितंबर तक अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। लोक अभियोजक अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि अदालत 6 सितंबर को केस को रद्द किये जाने पर अपना फैसला सुनाएगी। इस मामले में नाबालिग महिला पहलवान की शिकायत पर पॉक्सो के तहत केस दर्ज किया गया था और बाद में नाबालिग पहलवान ने बृजभूषण पर लगाए गए अपने आरोप वापस ले लिए थे। बाद में इस मामले में पुलिस ने क्लोजर रिपोर्ट अदालत में दाखिल की थी।
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने 15 जून को अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी और अदालत से गुहार लगाई थी कि बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पॉक्सो के तहत दर्ज केस को रद्द किया जाए। इसपर अदालत ने नाबालिग और उनके पिता को नोटिस जारी कर उनका पक्ष जानने के लिए कहा था। कोर्ट ने नाबालिग का पक्ष जानने के बाद ही क्लोजर रिपोर्ट पर अपना फैसला सुनाने के लिए कहा था।
नाबालिग महिला पहलवान ने पहले बृजभूषण शरण सिंह पर पहले यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। जिसके बाद बृजभूषण के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। बाद में नाबालिग महिला पहलवान अपने बयान से पलट गई थी। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने अदालत में 550 पन्नों की कैंसिलेशन रिपोर्ट दायर की थी। दिल्ली पुलिस ने इस क्लोजर रिपोर्ट में कहा है कि इस केस में बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले हैं।
बृजभूषण शरण सिंह पर 6 महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का केस दर्ज करवाया है। 6 बालिग महिला पहलवानों के आरोपों पर राउज एवेन्यू कोर्ट ने चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए भाजपा सांसद को समन जारी किया है। अदालत ने 18 जुलाई को अदालत में उन्हें पेश होने का निर्देश दिया है। पुलिस ने अपनी चार्जशीट में बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन शोषण से जुड़ी IPC की धारा 354, 354-A और 354D के तहत आरोप लगाए हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

