गुरुग्राम:हरियाणा के गुरुग्राम में एक बार फिर हिंसा भड़क उठा है। यहां भीड़ ने ढ़ाबे को आग के हवाले कर दिया। भीड़ ने भोजनालय के आसपास स्थित दुकानों को भी तहस-नहस कर दिया। बादशाहपुर में मंगलवार को दोपहर अचानक भीड़ उग्र हो गई जिसके बाद फिर से आगजनी और तोड़फोड़ की गई है। नूंह जिले में विश्व हिंदू परिषद की शोभा यात्रा के दौरान सोमवार को जबरदस्त हिंसा हुई थी। यह हिंसा गुरुग्राम और फरीदाबाद तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी और फिर आग पर काबू पा लिया गया। बताया जा रहा है कि एक विशेष समुदाय से ताल्लुक रखने वाले दुकान को भीड़ ने तहस-नहस कर दिया और जय श्री राम के नारे भी लगाए। बादशाहपुर बाजार को बंद कर दिया गया था। इधर गुरुग्राम में ताजा हिंसा की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। लेकिन दंगाई मोटरसाइकिल और अन्य वाहन लेकर फरार हो गए।
बादशाहपुर पुलिस स्टेशन के एसएचओ सतीश कुमार ने कहा, ‘कुछ युवा हंगामा करने की कोशिश कर रहे थे और जय श्री राम के नारे लगा रहे थे। हम घटनास्थल पर पहुंचे औऱ हालात को संभाला।’ कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि सेक्टर 66 में भोजनालय और कबाड़ की दुकानों में आग लगा दी गई। भीड़ ने इस दौरान काफी हंगामा किया और नारेबाजी की है। वीडियो में नजर आ रहा है कि एवन ढाबा नाम के एक ढाबे में तोड़फोड़ की गई। दुकान की कांच टूटी हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि भीड़ ने पॉश इलाके में घुस कर हंगामे की कोशिश भी की है।
हरियाणा के नूंह में सोमवार को भड़की हिंसा रात होते-होते गुरुग्राम पहुंच गई। गुरुग्राम के सेक्टर 56-57 इलाके में लोगों की भीड़ ने निर्माणाधीन धार्मिक स्थल पर हमला बोल दिया था। भीड़ ने इस धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी थी। इस हिंसा में एक शख्स की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य शख्स घायल हो गया था। हरियाणा में भड़की इस हिंसा में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नूंह हिंसा में ‘किसी बड़े षड्यंत्र’ का अंदेशा जताते हुए मंगलवार को कहा कि इस ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ घटना में शामिल किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने राज्य के गृह मंत्री अनिल विज के साथ नूंह की वर्तमान स्थिति का जायजा लेने के लिए शीर्ष अधिकारियों के साथ चंडीगढ़ में एक बैठक करने के बाद कहा, ”पूरी घटना किसी बड़े षड़यंत्र का हिस्सा लगती है।”
यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, खट्टर ने कहा, ”घटना में नूंह क्षेत्र से बाहर के शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अब तक 44 प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा 70 लोगों को नामजद कर हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद जो भी दोषी होंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।” विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा निकाली जा रही यात्रा को रोकने की भीड़ द्वारा कोशिश किए जाने के कारण भड़की हिंसा में नूंह में सोमवार को चार लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य लोग घायल हुए हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

