अलवर : राजस्थान के अलवर जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अरावली विहार थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय एक नाबालिग ने कथित रूप से अपने पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, युवक ने सो रहे पिता पर गंडासे से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार देर रात की है। मृतक रोहिताश कुमार ई-रिक्शा चालक थे और रात को घर लौटने के बाद सो गए थे। उस समय घर में केवल पिता और पुत्र मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य एक पारिवारिक समारोह में गए हुए थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, नाबालिग ने सोते समय अपने पिता पर हमला कर दिया और गर्दन सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए।
घटना के बाद आरोपी किशोर ने अपने मामा को फोन कर घर आने और पिता को बचाने के लिए कहा। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो रोहिताश कुमार खून से लथपथ अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में नाबालिग हत्या के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बता पा रहा है। जांच में उसके मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक परिस्थितियों सहित विभिन्न पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
अरावली विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर नाबालिग को संरक्षण में ले लिया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
