नई दिल्ली:भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप 2023 में 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले को लेकर अभी से काफी चर्चा हो रही है। भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने हाल ही में कहा कि भारतीय टीम पिछले कुछ वर्षों से पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा मैच जीत रही है। दादा ने कहा कि दोनों के मुकाबले में कुछ खास क्वालिटी नहीं दिखी। गांगुली के इस कमेंट पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासिल अली बौखला गए हैं। बासित ने कहा कि दादा जी माइंड गेम खेल रहे हैं।
पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष गांगुली ने कहा था, ”भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर काफी हाइप है। हालांकि, लंबे समय से इसकी क्वालिटी उतनी अच्छी नहीं रही क्योंकि भारत एकतरफा जीत दर्ज करता रहा है। पाकिस्तान ने दुबई में टी20 वर्ल्ड कप 2021 में भारत को पहली बार हराया था। भारत उस टूर्नामेंट में अच्छा नहीं खेला था, लेकिन मेरे मुताबिक वर्ल्ड कप में भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया बेहतर गेम होगा क्योंकि क्वालिटी बेहतर है।” वहीं, बासित ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”मैंने सौरव गांगुली का बयान पढ़ा और काफी हैरान रह गया। बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष गांगुली ने शीर्ष स्तर की क्रिकेट खेली है और वह एक शानदार कप्तान थे जिन्होंने कई खिलाड़ियों को डेवलप किया।”
बासित ने कहा, “मैं गांगुली की इस बात से सहमत नहीं हूं कि भारत बनाम पाकिस्तान मैच एकतरफा हैं और सिर्फ भारत के पक्ष में रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं कि आपने हमें पहले आईसीसी वर्ल्ड कप में बहुत हराया है लेकिन साल 2017 के बाद से ऐसा नहीं है। हमने पिछले साल भारत को संयुक्त अरब अमीरात में टी20 विश्व कप में मात दी और फिर पिछले साल एशिया कप में हराया। एक जीता और एक हारे। हां, भारत ने ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप में पाकिस्तान को शिकस्त दी। पाकिस्तान को यह हार विराट कोहली की वजह से नसीब हुई। उन्होंने यह मैच अकेले दम पर जिताया। यह अब तक की सबसे बेहतरीन टी20 पारी थी।”
पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी ने कहा, “उन्होंने यह भी कहा कि भारत बनाम पाकिस्तान की तुलना में भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच में ज्यादा आकर्षण है। इसपर मैं सिर्फ इतना ही कहना चाहूंगा कि भाई जब भारत ऑस्ट्रेलिया से खेलता है तो क्या आपके देश की सड़कें खाली होती हैं? नहीं। वहां सड़कें तब खाली होती हैं, जब भारत-पाकिस्तान मैच होता है। भारत और पाकिस्तान दोनों मुल्क में ऐसा होता है। हर कोई अपनी टीवी स्क्रीन से चिपका रहता है और दुआ कर रहा होता है। वर्ल्ड कप के टिकटों की कीमत को देखें। भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच की कीमत भारत-पाकिस्तान मैच के आसपास भी नहीं है। इसलिए मुझे लगता है कि गांगुली- दादा जी सिर्फ माइंड गेम खेलने की कोशिश कर रहे हैं।”
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान की आखिरी टक्कर टी20 वर्ल्ड कप 2022 में हुई थी। भारत ने मेलबर्न में खेले गए इस रोमांचक मैच में 4 विकेट से जीत हासिल की थी। भारत को आखिरी गेंद पर जीत मिली। कोहली ने 53 गेंदों में नाबाद 82 रन बनाए थे। पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप इतिहास में टीम इंडिया को सिर्फ एक बार हराया है। पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2021 में भारत को 10 विकेट से मात दी थी। वहीं, भारत ने वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ सात मुकाबले खेले हैं और सभी में जीत हासिल की।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

